हुंदै मोटर इंडिया का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 35 प्रतिशत घटकर 888.62 करोड़ रुपये पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-07-2026
Hyundai Motor India's net profit declined 35 percent to Rs 888.62 crore in the first quarter.
Hyundai Motor India's net profit declined 35 percent to Rs 888.62 crore in the first quarter.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
हुंदै मोटर इंडिया लि. (एचएमआईएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 35 प्रतिशत घटकर 888.62 करोड़ रुपये रहा है। मुख्य रूप से राजस्व कम होने और खर्च बढ़ने के कारण कंपनी का लाभ घटा है।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार यह जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 1,369.23 करोड़ रुपये था।
 
हुंदै मोटर की एकीकृत परिचालन आय जून, 2026 को समाप्त तिमाही में 16,334.63 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 16,412.88 करोड़ रुपये थी।
 
कंपनी का कुल खर्च आलोच्य तिमाही में बढ़कर 15,407.35 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 14,780.47 करोड़ रुपये था।
 
एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही चुनौतीपूर्ण रही। कई प्रतिकूल परिस्थितियों का असर बिक्री की मात्रा और लाभ पर पड़ा।”
 
उन्होंने कहा कि उत्पादन पूरी तरह सामान्य होने, मांग के बेहतर माहौल और आगामी उत्पादों की मजबूत श्रृंखला के कारण दूसरी तिमाही से घरेलू और निर्यात, दोनों क्षेत्रों में सुधार की रफ्तार तेज होने की संभावना है।
 
भविष्य की संभावनाओं पर गर्ग ने कहा, “हम वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू और निर्यात, दोनों बाजारों में बिक्री की मात्रा में सालाना 8 से 10 प्रतिशत वृद्धि तथा कर-पूर्व-आय (ईबीआईटीडीए) में 11 से 14 प्रतिशत मार्जिन हासिल करने के अपने घोषित लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध हैं।”