आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई।
पश्चिम एशिया युद्ध को लेकर बढ़ती अनिश्चितता से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण निवेशकों का मनोबल प्रभावित हुआ।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 824.44 अंक टूटकर 73,282.41 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 248.95 अंक फिसलकर 22,719.30 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, इटर्नल, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर में तेजी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त में रहे जबकि जापान का निक्की 225 गिरावट में रहा। हांगकांग का हैंग सेंग छुट्टी के कारण बंद था।
अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 111.4 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 8,167.17 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 8,088.70 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स सोमवार को 1.07 प्रतिशत और निफ्टी 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ था।