एपेक में ट्रंप और पुतिन की मेजबानी कर शी चिनफिंग ने दुनिया में चीन का प्रभाव दिखाया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-11-2026
Xi Jinping showcases China's global influence by hosting Trump and Putin at APEC
Xi Jinping showcases China's global influence by hosting Trump and Putin at APEC

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 चीन के शेनझेन में आयोजित एपेक (एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग) शिखर सम्मेलन के इतर उच्चस्तरीय बैठकों में राष्ट्रपति शी चिनफिंग को एक बड़ी कामयाबी मिली, जिससे ऐसा माना जा रहा है कि वैश्विक कूटनीति में एक केंद्रीय भूमिका निभाने वाले नेता के रूप में उनकी छवि और मजबूत हुई।

शेनझेन में बुधवार और बृहस्पतिवार को आयोजित एपेक शिखर सम्मेलन के मेजबान के रूप में शी ने 21 देशों के नेताओं का स्वागत किया। ये देश दुनिया की कुछ सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं और वैश्विक आर्थिक गतिविधियों में इनकी हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। उन्होंने तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों -अमेरिका, रूस और चीन- की पहली औपचारिक बैठक भी आयोजित की।
 
शी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक से पहले बृहस्पतिवार को कहा था, ‘‘इतिहास गवाह है कि जब बड़ी शक्तियां आपसी सद्भाव से रहती हैं, तो दुनिया में शांति बनी रहती है, लेकिन जब उनके बीच टकराव होता है, तो पूरी दुनिया में अशांति और अस्थिरता की स्थिति पैदा हो जाती है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे तीनों देशों को वैश्विक चुनौतियों से निपटने, विश्व शांति और स्थिरता के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करने तथा मानव प्रगति में अधिक योगदान देने के लिए मिलकर काम करके एक मिसाल कायम करनी चाहिए।’’
 
तीनों नेताओं की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में हालांकि कोई बड़ी सफलता नहीं मिली, लेकिन तीनों के एक साथ बैठने की तस्वीर कूटनीतिक इतिहास का हिस्सा बन जाएगी। इस तस्वीर में शी बीच में, ट्रंप उनके बाईं ओर और पुतिन दाईं ओर बैठे थे।
 
चीन ने हाल के वर्षों में खुद को वैश्विक स्थिरता की ताकत और अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं के एक प्रमुख केंद्र के रूप में पेश किया है। शी ने ट्रंप और पुतिन के साथ बैठक की शुरुआत उन्हें यह याद दिलाते हुए की कि द्वितीय विश्व युद्ध में तीनों देशों ने मिलकर लड़ाई लड़ी थी।