आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में घर में घुसकर एक गर्भवती महिला और उसके पति की हत्या के दोषी को बृहस्पतिवार को मृत्युदंड दे दिया गया। यह राज्य में इस साल दिया गया 20वां मृत्युदंड है, जो एक साल में मौत की सजा दिए जाने का नया रिकॉर्ड है।
इसी दिन टेक्सास में भी 36 लाख डॉलर की हीरे की लूट के दौरान एक जौहरी की हत्या के दोषी को मृत्युदंड देने की तैयारी थी।
71 वर्षीय थॉमस मिशेल ओवरटन को फ्लोरिडा की राजकीय जेल में तीन दवाओं के इंजेक्शन के जरिए स्थानीय समयानुसार शाम छह बजकर 19 मिनट पर मृत घोषित किया गया। अपने अंतिम बयान में उसने दंपति के घर में घुसने और उन पर हमला करने से इनकार करते हुए कहा, ''मैंने कभी किसी की हत्या नहीं की।''
वहीं, 70 वर्षीय रेनाल्डो डेनेस को भी बृहस्पतिवार शाम करीब एक घंटे बाद घातक इंजेक्शन दिया जाना था। एक ही दिन में 70 वर्ष से अधिक उम्र के दो दोषियों को मृत्युदंड की इस घटना ने अमेरिका में बुजुर्ग कैदियों को मौत की सजा के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।
ओवरटन को अगस्त 1991 में फ्लोरिडा कीज में माइकल और सुसान मैकाइवर के घर में घुसपैठ करके उनकी तथा उनके अजन्मे बच्चे की हत्या का दोषी ठहराया गया था। वहीं, डेनेस को जनवरी 1996 में ह्यूस्टन में हीरा कारोबारी जानोस सुच की हत्या के मामले में मृत्युदंड सुनाया गया था।
ओवरटन को मृत्युदंड दिए जाने के साथ ही इस साल अमेरिका में अब तक दिए गए कुल 38 मृत्युदंड में से आधे से अधिक फ्लोरिडा में दिए गए हैं। रिपब्लिकन गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने मृत्युदंड का आक्रामक तरीके से इस्तेमाल किया है और इस मामले में वह देश के अन्य गवर्नरों से अलग नजर आते हैं।
जनवरी में पद छोड़ने जा रहे डेसेंटिस ने कहा है कि वह उन परिवारों को न्याय दिलाना चाहते हैं, जो दशकों से मृत्युदंड की सजा पर अमल का इंतजार कर रहे हैं।
दिसंबर में दो और दोषियों को मृत्युदंड दिए जाने की योजना है।