वाशिंगटन के मेयर का प्रतिनिधिमंडल भारत की यात्रा पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-10-2026
Washington Mayor's delegation visits India
Washington Mayor's delegation visits India

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिका के वाशिंगटन राज्य के सात शहरों के मेयर का एक प्रतिनिधिमंडल भारत के साथ मजबूत संबंध और दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने के उद्देश्य से एक सप्ताह की भारत यात्रा पर है।
 
वाशिंगटन की सीनेटर टीना ओरवॉल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नयी दिल्ली, भुवनेश्वर और मुंबई का दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल की यह भारत यात्रा अपने आप में इस तरह की पहली यात्रा है।
 
सिएटल स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने रविवार को सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अतुल्य भारत की सुखद यात्रा: वाशिंगटन राज्य के मेयर के पहले प्रतिनिधिमंडल का स्वागत।’’
 
दूतावास ने कहा, ‘‘वाशिंगटन की सीनेटर टीना ओरवॉल के नेतृत्व में मेयर का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को सिएटल से भारत की अपनी पहली यात्रा पर रवाना हुआ। यह यात्रा 11 से 18 अक्टूबर तक होगी और इस दौरान प्रतिनिधिमंडल नयी दिल्ली, भुवनेश्वर और मुंबई जाएगा।’’
 
प्रतिनिधिमंडल में केंट की मेयर डाना राल्फ, टुकविला के मेयर थॉमस मैकलियोड, इसाक्वा के मेयर मार्क मुललेट, मुकिल्टियो के जोसेफ मरीन, ड्यूपॉन्ट के रोनाल्ड जे. फ्रेडरिक, यूनिवर्सिटी प्लेस के स्टेनली एल. के. फ्लेमिंग और सी-टैक के मेयर मोहम्मद एगल शामिल हैं।
 
प्रतिनिधिमंडल में ड्यूपॉन्ट के काउंसिल सदस्य जुगल ठाकोर, यूनिवर्सिटी प्लेस की कार्यवाहक मेयर डेनिस मैकक्लस्की, केंट के काउंसिल सदस्य टोनी ट्राउटनर और केंट के आर्थिक विकास निदेशक कर्ट हैनसन भी शामिल हैं।