US lawmakers questioned the validity of Trump's decision to allow Russian oil imports.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका में दोनों दलों के सांसदों के एक समूह ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूस से डीजल आयात की अनुमति देने के फैसले की वैधता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह निर्णय उस कानून के विपरीत है, जिसके तहत मॉस्को द्वारा यूक्रेन के खिलाफ युद्ध समाप्त किए जाने तक रूस के साथ ऐसे व्यापार पर प्रतिबंध लगाया गया है।
शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर बातचीत के बाद ट्रंप ने घोषणा की थी कि उन्होंने रूस के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत तत्काल 3,00,000 टन डीजल अमेरिका और वैश्विक बाजार में भेजा जाएगा।
अमेरिकी सीनेटर जीन शाहीन, रिचर्ड ब्लूमेंथल, रॉन वाइडन (सभी डेमोक्रेटिक पार्टी से) तथा रिपब्लिकन पार्टी से सुसैन कॉलिन्स, लिसा मर्कोवस्की, थॉम टिलिस और जॉन कर्टिस ने रविवार को यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर से पुतिन के यूक्रेन के खिलाफ क्रूर युद्ध को वित्तपोषित होने से रोकने के लिए कांग्रेस ने 2022 में रूसी ऊर्जा के आयात पर स्पष्ट रूप से प्रतिबंध लगा दिया था।’’
सीनेटरों ने कहा, ‘‘रूस से अमेरिका में डीजल आयात की अनुमति देने का राष्ट्रपति ट्रंप का फैसला सीधे तौर पर उस कानून के विपरीत है।’’