अमेरिकी सांसद कृष्णमूर्ति ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-10-2026
US Congressman Krishnamoorthi praised the bravery of Indian pilot Smit Machhar
US Congressman Krishnamoorthi praised the bravery of Indian pilot Smit Machhar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने फ्लाईदुबई के विमान में सवार 172 यात्रियों की जान बचाने के लिए असाधारण वीरता दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना करते हुए शुक्रवार को उनके सम्मान में अमेरिकी संसद में एक बयान दर्ज कराया।
 
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड1073 के कॉकपिट में 30 सितंबर को सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
 
गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली।
 
इलिनोइस से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद कृष्णमूर्ति ने ‘‘अमेरिकी संसद के आधिकारिक रिकॉर्ड’’ में इस संबंध में एक बयान दर्ज कराया।
 
कृष्णमूर्ति ने कहा कि सह-पायलट ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने के लिए हमला किया, लेकिन कैप्टन मच्छार की सूझबूझ और साहस ने करीब 170 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की जान बचा ली।
 
उन्होंने कहा कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की इस उड़ान में सवार लोगों में चार अमेरिकी नागरिक और 27 बच्चे भी शामिल थे।