होर्मुज जलडमरूमध्य में LPG टैंकर पर हमला, 24 भारतीय नाविकों को ओमान ने बचाया

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 18-11-2026
LPG tanker attacked in the Strait of Hormuz; 24 Indian sailors rescued by Oman
LPG tanker attacked in the Strait of Hormuz; 24 Indian sailors rescued by Oman

 

लंदन/मस्कट।

होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) टैंकर पर मंगलवार को एक प्रक्षेपास्त्र जैसी वस्तु से हमला किया गया। हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिसके चलते चालक दल के सदस्यों को जहाज छोड़ना पड़ा। समुद्री सुरक्षा से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

पनामा के झंडे वाला यह टैंकर 'तारा गैस' ओमान के खासाब तट के पास से गुजर रहा था। ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र के मुताबिक, जहाज में आग लगने के बाद बचाव अभियान चलाया गया और मुसंदम प्रायद्वीप से करीब दो समुद्री मील दूर से चालक दल के सभी 24 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

भारत के विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि तारा गैस पर 16 नवंबर को हमला हुआ था। मंत्रालय के अनुसार, जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से दो को ओमान के खासाब शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को जारी बयान में कहा, "इस क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। ये हमले नागरिक नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं।"

जहाज के स्वामित्व वाली मार्शल आइलैंड्स स्थित कंपनी ग्लोबल गैस से इस घटना पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन तत्काल संपर्क नहीं हो सका।

समुद्री जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म मरीन ट्रैफिक के आंकड़ों के अनुसार, इस जहाज ने आखिरी बार 26 सितंबर को ओमान के तट के पास अपनी स्थिति की जानकारी साझा की थी।

इससे पहले मंगलवार को ब्रिटिश नौसेना से जुड़ी समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूकेएमटीओ ने भी बताया था कि खासाब के उत्तर में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक टैंकर पर दूसरी बार हमला हुआ है। एजेंसी के मुताबिक, हमले के बाद जहाज के चालक दल के सदस्यों की स्थिति का पता नहीं चल पा रहा था। हालांकि, उसने इस घटना के संबंध में तत्काल विस्तृत जानकारी नहीं दी।

गौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताह में होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जहाजों पर हमलों की घटनाओं में तेजी आई है। इससे इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों और उनके चालक दल की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।