नया युद्धविराम प्रस्ताव आने के बीच इज़राइल का ईरान के 'साउथ पार्स' पेट्रो-रसायन संयंत्र पर हमला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-04-2026
Israel Strikes Iran's 'South Pars' Petrochemical Plant Amidst New Ceasefire Proposal
Israel Strikes Iran's 'South Pars' Petrochemical Plant Amidst New Ceasefire Proposal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
इजराइल ने ईरान के विशाल ‘साउथ पार्स’ प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित एक अहम पेट्रो-संयंत्र पर हमला किया। इजराइली हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक शीर्ष कमांडर की मौत हो गई। इस घटना ने युद्धविराम कराने के उद्देश्य से अमेरिका और तेहरान के बीच जारी बातचीत पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।
 
इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने इस हमले की पुष्टि की। उन्होंने इसे ‘‘ईरान के सबसे बड़े पेट्रो-रसायन प्रतिष्ठान पर एक भीषण हमला" बताया।
 
इस संयंत्र से ईरान का करीब 50 प्रतिशत पेट्रो-रसायन उत्पादन होता है।
 
इजराइल के सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नादाव शोशानी ने कहा कि बातचीत आगे बढ़ने के बीच ईरान को ‘‘कोई छूट नहीं’’ मिलेगी।
 
साउथ पार्स गैस क्षेत्र दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है।
 
हमले के बारे में पूछे जाने पर व्हाइट हाउस ने तत्काल कोई जवाब नहीं दिया।
 
मार्च में साउथ पार्स पर इजराइल के हमले के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इज़राइल दोबारा उस पर हमला नहीं करेगा; लेकिन उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने कतर के ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी रखे, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा और इस पूरे क्षेत्र को ‘‘पूरी तरह से तबाह’’ कर देगा।
 
इजराइल और अमेरिका ने सोमवार को ईरान पर कई बड़े हमले किए, जिनमें 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं। होर्मुज जलडमरुमध्य खोलने के लिए ईरान को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दी गई समयसीमा नजदीक आने के बीच मध्यस्थों ने युद्धविराम का नया प्रस्ताव पेश किया है।
 
तेहरान में धमाकों की गूंज सुनाई दी, और राजधानी पर लगातार हमले होते रहने के कारण घंटों तक नीचे उड़ते जेट विमानों की आवाज़ आती रही। एक हवाई हमले में शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परिसर को निशाना बनाए जाने के बाद शहर के आज़ादी चौक के पास से घना धुआँ उठता दिखाई दिया।
 
ईरानी सरकारी मीडिया और इजराइल के रक्षा मंत्री के अनुसार, तेहरान पर हुए हमलों में मारे गए लोगों में ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के खुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी भी शामिल हैं।
 
इज़राइल की सेना ने कहा कि उसने ईरानी अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड की खुफिया इकाई ‘कुद्स फोर्स’ के प्रमुख असगर बाकेरी को भी मार गिराया है।
 
वहीं, ईरानी मिसाइलों ने उत्तरी इजराइल के शहर हाइफा को निशाना बनाया, जहां एक रिहायशी इमारत के मलबे से चार लोगों के शव बरामद किए गए।