Irrespective of religion, we will oppose communal and anti-women statements: Chief Minister Satheesan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कहा है कि पूरा राज्य धर्मनिरपेक्ष है और उनकी सरकार धार्मिक नेताओं के सांप्रदायिक एवं महिला विरोधी बयानों का कड़ा विरोध करेगी, चाहे वे किसी भी धर्म से संबंधित हों।
मुख्यमंत्री ने राज्य में कुछ राजनीतिक एवं धार्मिक नेताओं की ओर से की गई सांप्रदायिक टिप्पणियों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की। इनमें सुन्नी मुस्लिम विद्वान कंथापुरम ए. पी. अबूबकर मुसलियार का वह बयान भी शामिल है जिसमें उन्होंने महिलाओं को घर पर रहने की सलाह दी थी। महिलाओं की स्वतंत्रता को लेकर दिए गए इस बयान की आलोचना हुई थी।
सतीशन ने यहां ‘पीटीआई वीडियो’ से एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘जब हम विपक्ष में थे, तब भी हमारा यही दृढ़ एवं धर्मनिरपेक्ष रुख था और आज भी है कि किसी को सांप्रदायिक बातें नहीं करनी चाहिए।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक और धार्मिक नेता केरलम को सांप्रदायिक बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हम इसकी अनुमति नहीं देंगे। हम इसकी कतई अनुमति नहीं देंगे।’’
सतीशन ने महिलाओं की स्वतंत्रता को लेकर रूढ़िवादी विचारों का भी कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को घर पर रहने की सलाह देने के अबूबकर के बयान का उन्होंने पुरजोर विरोध किया था।