अबुजा
पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर एक बार फिर उग्रवादी हमलों की चपेट में आ गया है। देश के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि तिलाबेरी क्षेत्र में घात लगाकर किए गए हमले में कम से कम 14 सैनिक मारे गए। यह हमला बीते बुधवार को हुआ था, जिसकी जानकारी आधिकारिक बयान के माध्यम से शनिवार देर रात सरकारी आरटीएन टेलीविजन पर दी गई।
रक्षा मंत्री सलीफौ मोडी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सेना लगातार उग्रवादियों के खिलाफ अभियान चला रही है। हालांकि, उन्होंने इस हमले के पीछे जिम्मेदार गुट का नाम नहीं लिया। नाइजर लंबे समय से उग्रवादी हिंसा से जूझ रहा है, जहां कई चरमपंथी संगठन सक्रिय हैं। इनमें से कुछ इस्लामिक स्टेट से संबद्ध गुट भी हैं, जो नियमित रूप से सेना और नागरिकों को निशाना बनाते हैं।
तिलाबेरी क्षेत्र नाइजर, माली और बुर्किना फासो की सीमा से सटा इलाका है, जिसे आतंकवाद प्रभावित ‘त्रिकोणीय क्षेत्र’ के रूप में जाना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में यहां बार-बार हमले हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में सैनिक और नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं। हालिया हमला इस बात का संकेत है कि नाइजर में उग्रवादियों का खतरा अभी भी कम नहीं हुआ है और देश की सुरक्षा व्यवस्था गंभीर चुनौती का सामना कर रही है।