अमेरिका के संग्रहालय में हिंदू देवी-देवताओं के 100 से अधिक चित्रों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-03-2026
A special exhibition of over 100 paintings of Hindu deities was organised at a museum in the US.
A special exhibition of over 100 paintings of Hindu deities was organised at a museum in the US.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित ‘मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट’ (द मेट) में एक विशेष प्रदर्शनी में 1860 से 1930 तक के संग्रहों से चुने गए हिंदू देवी-देवताओं के 100 से अधिक चित्र प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
 
संग्रहालय ने एक बयान में कहा कि मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट इस साल जनवरी से लेकर 27 जून, 2027 तक चार चरणों में ‘हाउसहोल्ड गॉड्स: हिंदू डिवोशनल प्रिंट्स, 1860-1930’ नामक प्रदर्शनी प्रस्तुत कर रहा है।
 
प्रदर्शनी में ‘द मेट’ के संग्रह से ली गई 100 से अधिक कलाकृतियां दिखाई जा रही हैं। इनमें मुख्य रूप से पिछले 10 वर्ष में संग्रह की गई कृतियां शामिल हैं। इन कृतियों को चित्रकला की पुरानी परंपराओं के चुनिंदा चित्रों के साथ मिलाकर इस तरह प्रदर्शित किया गया है कि वे आपस में एक संवाद या संबंध स्थापित करती दिखाई दें।
 
‘हाउसहोल्ड गॉड्स: हिंदू डिवोशनल प्रिंट्स, 1860–1930’ नामक प्रदर्शनी में कलकत्ता (अब कोलकाता), पूना (पुणे) और बंबई (मुंबई) के प्रमुख प्रिंटिंग स्टूडियो में बने रंगीन ‘क्रोमो लिथोग्राफिक प्रिंट’ की ‘‘पहली व्यापक प्रदर्शनी’’ प्रस्तुत की गई है।
 
संग्रहालय ने कहा, ‘‘ये प्रिंट उस समय भारतीय धार्मिक पहचान को व्यक्त करने का एक शक्तिशाली माध्यम बन गए, जब देश स्वतंत्रता आंदोलन की पहली हलचल का अनुभव कर रहा था।’’