Under-23 World Wrestling Championship: Rohit, Jaskaran and Chandermohan win bronze medals
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रोहित, जसकरण सिंह और चंद्रमोहन ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में अपने-अपने भार वर्गों में कांस्य पदक जीते जिससे भारत ने प्रतियोगिता का समापन छह पदकों के साथ किया।
रोहित ने 57 किग्रा रेपेशाज दौर में मोल्दोवा के इयोन बुलगारू को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-2 से हराया। इसके बाद उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में आर्मेनिया के आर्मन हारुत्युनयान को 8-3 से शिकस्त दी।
रोहित ने इससे पहले जमैका के इरी अलेक्जेंडर जैक्सन को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी। हालांकि, उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में तुर्किये के बेकीर केसेर के खिलाफ 6-10 से हार का सामना करना पड़ा।
सेमीफाइनल में हारने वाले जसकरण (65 किग्रा) ने बेलारूस के मागोमेदखान मागोमेदखानोव को 8-5 से हराकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया।
चंद्रमोहन (79 किग्रा) ने भी कांस्य पदक के मुकाबले में तुर्किये के इब्राहिम मेतेहान यापराक को 5-2 से हराकर पदक अपने नाम किया।