एशियाई पैरा खेल: प्राची, सोनलबेन, भाविना ने टेबल टेनिस में भारत के लिए पदक पक्के किए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-10-2026
Asian Para Games: Prachi, Sonalben, Bhavina assure medals for India in table tennis
Asian Para Games: Prachi, Sonalben, Bhavina assure medals for India in table tennis

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पैरालंपिक रजत पदक विजेता भाविना पटेल सहित भारत के तीन टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने सोमवार को यहां एशियाई पैरा खेलों के सेमीफाइनल में प्रवेश किया जिससे देश के तीन अलग-अलग वर्गों में पदक पक्के हो गए।

प्राची पांडे ने महिला वर्ग छह के मुकाबले में थाईलैंड की कानोकपॉर्न फाथुमचाई को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई सोनलबेन ने वर्ग तीन में थाईलैंड की दरारत असायुत को शिकस्त दी। भाविना ने वर्ग चार-पांच में चीन की झांग मियाओ को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
 
गांधीनगर स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेने वाली प्राची न्यूरो-डिजेनेरेटिव बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने ग्रुप चरण के अपने दूसरे मुकाबले में फाथुमचाई को 11-5, 11-4, 11-13, 12-10 से हराया।
 
इस जीत के साथ वह एक जीत और एक हार के रिकॉर्ड के साथ ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहीं। प्राची के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही एशियाई पैरा खेलों की इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक सुनिश्चित हो गया।
 
वर्ग छह में ऐसे खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं जिनके दोनों हाथों और पैरों में गंभीर शारीरिक अक्षमता होती है और जो खड़े होकर खेलते हैं।
 
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज से एमटेक की पढ़ाई पूरी कर चुकीं प्राची फाइनल में जगह बनाने के लिए मंगलवार को इराक की नजला अल-दय्येनी से भिड़ेंगी।