The form of openers and bowlers is a matter of concern for India ahead of the T20 World Cup
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आठ महीने के अंदर दूसरा आईसीसी खिताब जीतने की कवायद में लगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 12 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप में परचम लहराने के लिए व्यक्तिगत प्रतिभा पर निर्भर रहना पड़ सकता है, क्योंकि उसके सभी विभागों में कुछ न कुछ कमियां हैं।
भारतीय महिला टीम ने पिछले साल नवंबर में वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था लेकिन तब भी उसकी टीम को बीच में संघर्ष करना पड़ा था। ऐसे में जेमिमा रोड्रिग्स ने जिम्मेदारी संभाली और भारत को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कुछ समय पहले तक ऐसा लग रहा था कि भारत ने सबसे छोटे प्रारूप में लगभग सभी विभाग में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, लेकिन टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड से लगातार दो श्रृंखला हारने से उसकी कमजोरियां उजागर हो गई हैं।
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना का प्रदर्शन हाल ही में अच्छा नहीं रहा है। यही नहीं निचले क्रम के बल्लेबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। टीम की प्रमुख पावर हिटर ऋचा घोष 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप के पहले मैच से पहले रन बनाने के लिए जूझ रही हैं।
अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन भी बल्ले और गेंद दोनों से ही निराशाजनक रहा है।
भारत की पूर्व कप्तान शांता रंगास्वामी के अनुसार भारत की मुख्य समस्या बल्लेबाजी और फील्डिंग से नहीं बल्कि गेंदबाजी विभाग से जुड़ी है।
उनकी चिंताएं जायज हैं क्योंकि इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 181 रन के मुश्किल लक्ष्य को आसानी से हासिल कर तीन मैचों की श्रृंखला जीती।
चोटिल ऑलराउंडर काश्वी गौतम और अमनजोत कौर की अनुपस्थिति ने टीम का संतुलन गड़बड़ा गया है। भारतीय टीम स्पिन गेंदबाजों पर अधिक निर्भर रही है और तेज गेंदबाजी विभाग में उसके पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं।
तेज गेंदबाजी विभाग में नंदिनी शर्मा का अच्छा प्रदर्शन भारत के लिए सकारात्मक पहलू रहा है। इसके अलावा बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने भी अपना प्रभाव छोड़ा है।
ऑफ स्पिनर श्रेयांका पाटिल ने वापसी के बाद से ठीक-ठाक प्रदर्शन किया है, लेकिन कुल मिलाकर गेंदबाजी बहुत ज्यादा आत्मविश्वास नहीं दिलाती है।
रंगास्वामी ने पीटीआई से कहा, ‘‘हाल में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन उनका रवैया सकारात्मक बना हुआ है। मुझे पूरा भरोसा है कि वे विजेता बनने में सफल रहेंगे।’’