भारतीय टेनिस को खिलाड़ी-केंद्रित बनाने रहेगा जोर: रोहित राजपाल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-11-2026
The focus will be on making Indian tennis player-centric: Rohit Rajpal
The focus will be on making Indian tennis player-centric: Rohit Rajpal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय टेनिस को अधिक खिलाड़ी-केंद्रित बनाने और खिलाड़ियों तथा राष्ट्रीय महासंघ के बीच लगातार बढ़ती दूरी को पाटने का संकल्प जताते हुए दिल्ली लॉन टेनिस संघ (डीएलटीए) के अध्यक्ष रोहित राजपाल ने कहा है कि अगर वह अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के अध्यक्ष चुने जाते हैं तो खिलाड़ियों के दृष्टिकोण और उनकी समस्याओं को उचित प्राथमिकता देने पर ध्यान दिया जायेगा।

एआईटीए के पदाधिकारियों के चुनाव 27 नवंबर को होने है। इन चुनावों में अध्यक्ष पद के मौजूदा अध्यक्ष चिंतन पारिख को चुनौती दे रहे राजपाल का मानना है कि महासंघ अब तक मुख्य रूप से खेल सुविधाओं के विकास और टूर्नामेंटों के आयोजन तक सीमित रहा है जबकि खिलाड़ियों के विकास की जिम्मेदारी काफी हद तक निजी संस्थानों और व्यक्तिगत प्रयासों पर छोड़ दी गई है।
 
रोहित ने पीटीआई को दिये साक्षात्कार में कहा, ‘‘मेरा हमेशा से मानना रहा है कि खिलाड़ियों का विकास एआईटीए की जिम्मेदारियों का हिस्सा होना चाहिए। एआईटीए का अब तब नेतृत्व करने वालों का नजरिया ऐसा नहीं रहा है। उनका मानना था कि बुनियादी ढांचा तैयार करना और टूर्नामेंट आयोजित कराना महासंघ का काम है, जबकि खिलाड़ियों का विकास निजी स्तर पर होना चाहिए।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे विचार हालांकि ऐसे नहीं है। केवल बड़ी संख्या में टूर्नामेंट आयोजित करना और टेनिस कोर्ट बनाना इस पूरे तंत्र के एक-दो हिस्से हैं। इस व्यवस्था की बाकी कड़ियों को भी आपस में जोड़ना जरूरी है।’’
 
पूर्व एशियाई जूनियर चैंपियन और एशियाई खेलों के पदक विजेता राजपाल का मानना है कि प्रतिभाओं को तराशने में पर्याप्त निवेश की कमी और खिलाड़ियों के विकास के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था नहीं होने के कारण भारतीय टेनिस कई एशियाई देशों से पिछड़ गया है।