आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा सहित खेल जगत की कई हस्तियों ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने पर जय शाह को बधाई दी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने घोषणा की कि शाह को निर्विरोध दोबारा चेयरमैन चुना गया है जिससे ‘‘खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ पर निरंतरता’’ सुनिश्चित होगी।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव रह चुके 38 वर्षीय शाह ने दिसंबर 2024 में आईसीसी अध्यक्ष का पद संभाला था। उन्हें यहां रविवार को संपन्न हुई आईसीसी की बोर्ड बैठकों के दौरान दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किया गया।
तेंदुलकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शाह को बधाई देते हुए लिखा, ‘‘क्रिकेट का विकास नए अवसर पैदा करने, खेल के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और इसे नए दर्शकों तक पहुंचाने पर निर्भर करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जय शाह ने इन प्राथमिकताओं को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की है जिसमें विशेष रूप से महिला क्रिकेट पर जोर दिया गया है। आईसीसी चेयरमैन के रूप में एक और कार्यकाल संभालने के लिए उन्हें शुभकामनाएं।’’