आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी को टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट टूर्नामेंट के फास्ट क्लासिक ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबले में हमवतन आर वैशाली के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा जिससे वह यहां खिताबी नॉकआउट चरण में जगह बनाने से चूक गए।
एरिगेसी ने दिन की शुरुआत ग्रुप डी में मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव और हेन्स नीमन के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहते हुए की थी। दिन की पहली बाजी में उन्होंने सफेद मोहरों से खेलते हुए वैशाली को हराकर चैंपियनशिप के नॉकआउट चरण में प्रवेश की अपनी दावेदारी मजबूत की। इस जीत से उन्होंने दो अंक की बढ़त बना ली थी।
हालांकि वैशाली ने दूसरे मुकाबले में एरिगेसी को हरा दिया।
इस हार के कारण एरिगेसी ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर रहे जबकि वाचियर-लाग्रेव ने खिताबी नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई किया।
अगले साल महिला विश्व चैंपियनशिप में चीन की जू वेनजुन को चुनौती देने वाली वैशाली ग्रुप डी में दो जीत, एक ड्रॉ और सात हार के साथ अंतिम स्थान पर रहीं।
इस तरह तीनों भारतीय खिलाड़ी एरिगेसी, वैशाली और उनके भाई आर प्रज्ञानानंदा खिताब की दौड़ से बाहर हो गए हैं। अब वे क्वालीफिकेशन स्थानों के लिए मुकाबले खेलेंगे।