Rohit's poor form has added to the woes of selection committee chief Ojha.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जूनियर क्रिकेट के दिनों में पनपी दोस्ती इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और तत्कालीन राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रशिक्षण शिविरों के दौरान और गहरी हुई लेकिन आज रोहित शर्मा और प्रज्ञान ओझा एक ऐसी पेचीदा परिस्थिति में खड़े हैं, जिसका समाधान भारत को अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले तलाशना होगा।
राष्ट्रीय चयन समिति के प्रमुख ओझा भारतीय टीम के अलावा आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स और फिर मुंबई इंडियन्स के लिए रोहित साथ खेल चुके है। ओझा के सामने यह मुश्किल स्थिति रोहित शर्मा का बल्ले से लगातार गिरता प्रदर्शन और इसके बावजूद खेलते रहने का उनका दृढ़ संकल्प है।
ओझा के सामने अब यह कठिन सवाल है कि क्या केवल रोहित का खेलने का जज्बा ही उन्हें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले एकदिवसीय क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन के लिए भारतीय टीम में जगह दिलाने के लिए पर्याप्त होगा?
न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने चार वनडे पारियों में महज 30 रन बना पाये।
इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से पहले तत्कालीन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कहने पर रोहित से मुलाकात करने वाले ओझा ही थे। इस मुलाकात का मकसद यह जानना था कि क्या रोहित लॉर्ड्स में संन्यास लेने के प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार हैं।
रोहित को हालांकि यह प्रस्ताव रास नहीं आया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के शीर्ष अधिकारियों तक अपनी नाराजगी भी पहुंचा दी। इसका नतीजा अगरकर के साथ बेहद तल्ख विदाई के रूप में सामने आया।
अगरकर के जाने के बाद अब पूरी जिम्मेदारी ओझा के कंधों पर आ गई है।
मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बिना किसी खिलाड़ी का नाम लिए हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ संपन्न श्रृंखला में शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के बार-बार लड़खड़ाने पर चिंता जताई है।