सूर्या को इंपैक्ट सब के तौर पर एहतियातन इस्तेमाल किया गया : जयवर्धने

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-03-2026
Surya was used as an Impact Sub as a precautionary measure: Jayawardene
Surya was used as an Impact Sub as a precautionary measure: Jayawardene

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने कहा कि भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम के पहले आईपीएल मैच में चोट के कारण ‘इंपैक्ट सब’ के तौर पर इस्तेमाल किया गया और इसमें कोई गैर जरूरी कहानी बनाने की जरूरत नहीं है ।

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में सूर्यकुमार ने फील्डिंग नहीं की और आठ गेंद में 16 रन बनाये । मुंबई ने केकेआर को छह विकेट से हराया ।
 
मैच के बाद जयवर्धने से पूछा गया कि पिछले सत्र में भारत और मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के बाद क्या अब सूर्यकुमार यादव को ‘इंपैक्ट सब’ के तौर पर इस्तेमाल किया जायेगा, इस पर उन्होंने कहा ,‘‘ उम्मीद है कि कोई अवांछित कहानी नहीं बनाई जायेगी । टीम खुश है । उसे अतिरिक्त ब्रेक दिया गया था जो वह चाहता था ।’’
 
उन्होंने कहा ,‘‘उसे मामूली सी जकड़न है और वह फील्डिंग वगैरह कर रहा था । मुझे पता है कि अगले मैच में पांच दिन का समय है तो उसे अतिरिक्त समय देना चाहता था । वह तीन चार ओवर फील्डिंग के लिये तत्पर था लेकिन मैने मना किया ।’’
 
जयवर्धने ने कहा ,‘‘इसलिये प्लीज कोई कहानियां मत बनाइये । मैने कहा कि एहतियात के तौर पर ऐसा किया गया था । ये काफी अनमोल खिलाड़ी हैं और ये फैसले सोच समझकर लिये जाते हैं ।’’