आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स के पास पिछले कुछ मैच के निराशाजनक नतीजों पर विचार के लिए अधिक समय नहीं है क्योंकि टीम को शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग मैच में आत्मविश्वास से भरी राजस्थान रॉयल्स का सामना करना है।
अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली की टीम के लिए यह सत्र काफी मुश्किलों भरा रहा है। पिछले दो मैच में टीम के प्रदर्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक तरफ उन्होंने 250 से अधिक का स्कोर बनाया लेकिन विरोधी टीम ने विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए उस लक्ष्य को हासिल कर लिया वहीं दूसरी तरफ वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सिर्फ 75 रन पर ऑल आउट हो गए।
इसके अलावा इस महीने की शुरुआत में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली एक रन की हार ने दिल्ली को भावनात्मक रूप से काफी चोट पहुंचाई है। तीन जीत और चार हार के साथ वे अंक तालिका में सातवें स्थान पर हैं और उन्हें जल्द ही अपने प्रदर्शन में सुधार की जरूरत है।
दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंता उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी रही है। लोकेश राहुल, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी जैसे खिलाड़ियों ने बीच-बीच में अच्छा योगदान दिया है लेकिन पूरी टीम मिलकर एक साथ अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है।
पिछले मैच में अभिषेक पोरेल ने ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए टीम को शर्मनाक स्कोर पर ऑल आउट होने से बचाया था। यह उस मैच के कुछ सकारात्मक पहलुओं में से एक था। ऐसे में टीम प्रबंधन उन्हें एकादश में मौका देने के बारे में सोच सकता है।
गेंदबाजी के मोर्चे पर कुछ अच्छी खबरें भी हैं। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क एक मई से खेलने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिलने के बाद टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। लुंगी एनगिडी के उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टार्क का टीम में शामिल होना दिल्ली के लिए एक बहुत ही जरूरी और सही समय पर मिला सहारा साबित हो सकता है। उम्मीद है कि वे काइल जैमीसन या दुष्मंता चमीरा में से किसी एक की जगह लेंगे।
पिछले मैच में 75 रन के छोटे लक्ष्य का बचाव करते हुए दिल्ली के गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे लेकिन अब उन्हें राजस्थान के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के खिलाफ और भी अधिक सटीक गेंदबाजी करनी होगी।
राजस्थान का शीर्ष क्रम काफी आक्रामक रहा है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बिना किसी डर के जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाजों का शुरू से ही डटकर सामना किया है तो वहीं यशस्वी जायसवाल भी बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं।
अंक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज राजस्थान रॉयल्स की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मैच में उतर रही है। हाल ही में उन्होंने पंजाब किंग्स को इस सत्र की पहली हार का स्वाद चखाया था। यह नौ मैच में टीम की छठी जीत थी।