Samson is in the process of adjusting to the CSK environment, he is desperate to score runs: Fleming
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आईपीएल 2026 में संजू सैमसन के के अब तक के खराब प्रदर्शन को खास तवज्जों नहीं दी और कहा कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज टीम के माहौल में ढलने की प्रक्रिया से गुजर रहा है तथा रन बनाने और टीम की सफलता में योगदान देने के लिए बेताब है।
सीएसके को रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से 43 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह लगातार तीसरा मैच था जिसमें सैमसन का बल्ला नहीं चला। उन्होंने अब तक तीन मैच में छह, सात और नौ रन बनाए हैं।
फ्लेमिंग ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘जब आप किसी फ्रेंचाइजी (इस मामले में राजस्थान रॉयल्स) की तरफ से लंबे समय से खेल रहे हों तो फिर किसी नई टीम के माहौल में ढलने में समय लगता है। भले ही वह शायद काफी सहज महसूस करता हो, फिर भी अपनेपन की भावना बनी रहती है और वह इस टीम के माहौल में ढलने की प्रक्रिया से गुजर रहा है।’’
फ्लेमिंग ने कहा कि केरल का यह खिलाड़ी लय हासिल करने के लिए बेताब है।
उन्होंने कहा, ‘‘टीम (सीएसके) में पांच या छह बदलाव हुए हैं। मैदान से इतर कुछ काम करना बाकी है ताकि टीम के आपसी संबंध और मजबूत हो सकें। लेकिन वह टीम में बहुत अच्छे से घुल-मिल गया है।’’