PM मोदी ने डच कोच मारिन की सराहना की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-05-2026
PM Modi praises Dutch coach Marijne
PM Modi praises Dutch coach Marijne

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड दौरे पर अपने भाषण में भारतीय हॉकी में डच कोचों के योगदान का जिक्र किया और महिला हॉकी टीम के मौजूदा कोच शोर्ड मारिन की खास तौर पर तारीफ की ।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में कहा ,‘‘नीदरलैंड और भारत के बीच दोस्ती की एक और कड़ी है जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती और वह है खेल । हम दोनों देश खेलों के क्षेत्र में बहुत कुछ मिलकर कर रहे हैं ।’’
 
उन्होंने कहा ,‘‘ जैसे क्रिकेट में भारतीयों का योगदान है , वैसे ही भारत की हॉकी में नीदरलैंड का भी बड़ा योगदान है । भारतीय हॉकी को और निखारने में डच कोचों की भी मेहनत रही है । हमारी महिला हॉकी टीम बीते कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रही है और इसमें कोच शोर्ड मारिन की अहम भूमिका है ।’’
 
मारिन तोक्यो ओलंपिक 2020 में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच थे । उन्हें जनवरी 2026 में हरेंद्र सिंह के इस्तीफे के बाद दोबारा भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया और इस समय उनके मार्गदर्शन में टीम विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारी में जुटी है । उनसे पहले नीदरलैंड के रोलेंट ओल्टमेंस भी भारतीय पुरूष हॉकी टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं ।
 
प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय से इस वर्ष नीदरलैंड की सह मेजबानी में होने वाले हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम की हौसलाअफजाई का आग्रह किया ।
 
उन्होंने कहा ,‘‘ इस वर्ष हॉकी विश्व कप का मेजबान नीदरलैंड भी है । आप सभी को भारत के मैच देखने जरूर जाना है । ये बात पक्की है कि विश्व कप जो भी टीम जीते, लेकिन इसमें भारत और नीदरलैंड की दोस्ती जरूर जीतेगी ।’’
 
पुरूष और महिला हॉकी विश्व कप नीदरलैंड और बेल्जियम में 15 से 30 अगस्त के बीच होना है ।
 
उन्होंने नीदरलैंड क्रिकेट में भारतीय मूल के खिलाड़ियों के योगदान की भी सराहना की ।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ,‘‘ नीदरलैंड की क्रिकेट में भारतीय समुदाय का बहुत बड़ा योगदान है । भारत में टी20 विश्व कप में नीदरलैंड की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया । भारत विश्व कप चैम्पियन है लेकिन भारत की टीम को भी नीदरलैंड की टीम ने बहुत अच्छी टक्कर दी थी ।’’