अब हर मुकाबला नॉकआउट जैसा, सामूहिक रूप से बेहतर प्रदर्शन करना होगा: बदानी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-05-2026
Now every match is like a knockout : Badani
Now every match is like a knockout : Badani

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमांग बदानी ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच में मिली आठ विकेट की करारी शिकस्त के बाद कहा कि टीम को मौजूदा स्थिति से उबरने के लिए सामूहिक रूप से बेहतर प्रदर्शन करना होगा और अब हर मुकाबला लगभग नॉकआउट जैसा हो गया है।

पहले बल्लेबाजी का फैसला करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को यहां 12 ओवर में 69 रन तक पांच विकेट गंवा दिए थे। टीम ने हालांकि खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन बनाए, लेकिन चेन्नई सुपरकिंग्स ने संजू सैमसन की 52 गेंदों में नाबाद 87 रन की पारी की बदौलत 17.3 ओवर में ही आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
 
इस हार से टीम के लिए प्लेऑफ में जगह बनाने की राह मुश्किल हो गई है। टीम को इसके लिए अपने बचे हुए चारों मैच में जीत दर्ज करनी होगी।
 
बदानी ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अब मामला नॉकआउट जैसा है, चार (मैचों) में चार जीतना होगा। ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ी स्थिति से वाकिफ हैं और अब प्रदर्शन कर लक्ष्य हासिल करना ही एकमात्र विकल्प है। सामूहिक तौर बेहतर प्रदर्शन करना होगा।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। कभी गेंदबाज़ी अच्छी होती है, बल्लेबाज़ी नहीं, कभी इसका उल्टा। इस स्तर पर 60-70 प्रतिशत खिलाड़ियों का योगदान जरूरी है, जो अभी नहीं हो पा रहा।”