फुटबॉल मैच के दौरान एड़ी की नस फटने के बाद न्यूयॉर्क के महापौर जोहरान ममदानी की सर्जरी हुई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-11-2026
New York Mayor Zohran Mamdani undergoes surgery after rupturing a heel vein during a football match
New York Mayor Zohran Mamdani undergoes surgery after rupturing a heel vein during a football match

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 न्यूयॉर्क के महापौर जोहरान ममदानी की शुक्रवार को सर्जरी हुई। पिछले सप्ताह स्थानीय पत्रकारों के साथ फुटबॉल मैच के दौरान उनकी दाहिनी एड़ी की नस फट गई थी।

महापौर के प्रेस सचिव जो कैल्वेलो के अनुसार, लगभग 70 मिनट तक चली यह सर्जरी सफल रही और ममदानी (35) शुक्रवार शाम से अपने आधिकारिक आवास ‘ग्रेसी मेंशन’ में आराम कर रहे हैं।
 
सचिव ने एक बयान में कहा, “महापौर के पूरी तरह से स्वस्थ होने की उम्मीद है।”
 
महापौर कार्यालय ने सर्जरी में शामिल स्वास्थ्यकर्मियों का आभार जताया। हालांकि, इसने इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि यह सर्जरी कहां हुई?
 
डेमोक्रेटिक पार्टी से जुड़े ममदानी फुटबॉल के शौकीन हैं। उन्होंने 19 नवंबर को अपने कार्यालय और सिटी हॉल के पत्रकारों की टीम के बीच खेले गए मैत्री मैच में हिस्सा लिया था। उनकी टीम ने मैच जीता था और महापौर ने एक गोल भी किया था।
 
इसके बाद से ममदानी ‘मेडिकल बूट’ पहनकर और बैसाखी के सहारे अपना काम कर रहे हैं तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा ले रहे हैं।
 
सर्जरी को लेकर उन्होंने सोमवार को कहा था कि वह थोड़े चिंतित हैं। हालांकि, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं खुद से बस यही कहता रहता हूं कि जेसन टैटम ने भी यह कराया था।”
 
बोस्टन सेल्टिक्स के स्टार खिलाड़ी जेसन टैटम को 2025 में न्यूयॉर्क निक्स के खिलाफ ‘एनबीए प्लेऑफ’ मुकाबले के दौरान एड़ी की नस में चोट लगी थी। टैटम की सर्जरी हुई थी और करीब 10 महीने बाद उन्होंने खेल में वापसी की थी।