भारत का शीर्ष क्रम लड़खड़ाया, चाय के विश्राम तक तीन विकेट पर 59 रन बनाए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-11-2026
India's top order faltered, reaching 59 for three at tea.
India's top order faltered, reaching 59 for three at tea.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तेज गेंदबाज काइल जैमीसन और मैट हेनरी ने भारत के शीर्ष क्रम को लड़खड़ाकर न्यूजीलैंड को दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन शनिवार को यहां चाय के विश्राम तक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
 
भारत ने चाय के विश्राम तक तीन विकेट पर 59 रन बनाए। इस तरह से वह न्यूजीलैंड से अभी 297 रन पीछे है, जिसने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे।
 
यशस्वी जायसवाल खाता भी नहीं खोल पाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल (21) को अपनी जल्दबाजी का खामियाजा भुगतना पड़ा। कप्तान शुभमन गिल (17) ने चाय के विश्राम से ठीक पहले जैमीसन (26 रन देकर दो विकेट) की गेंद को छेड़कर स्लिप में कैच दे दिया। चाय के विश्राम के समय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल 17 रन पर खेल रहे थे।
 
मैट हेनरी (19 रन देकर एक विकेट) ने जायसवाल को सही लेंथ पर की गई और थोड़ा स्विंग लेने वाली गेंद पर बोल्ड किया।
 
पडिक्कल ने जैमीसन की बाउंसर पर हुक करके छक्का जड़ा और इसके बाद स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव खेला, लेकिन उन्होंने एक शॉट खेलने में जल्दबाजी दिखाई और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल के पास चली गई।
 
इससे पहले ब्लंडेल (211 गेंदों पर 89 रन) ने शानदार पारी खेली जिससे न्यूजीलैंड मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। भारत की तरफ से आकाश दीप ने 31.3 ओवरों में 99 देकर पांच विकेट लिए।
 
अपना 50वां टेस्ट मैच खेल रहे ब्लंडेल ने एकाग्रता का शानदार नमूना पेश किया। ग्लेन फिलिप्स (36) अपने कल के स्कोर में कोई रन नहीं जोड़ पाए। उनके आउट होने के बाद नाथन स्मिथ (26), जैमीसन (19) और हेनरी (19) ने उपयोगी योगदान दिया।
 
भारतीय गेंदबाजों में आकाशदीप ने सबसे अधिक प्रभाव छोड़ा। उन्होंने शानदार रिटर्न कैच से स्मिथ को आउट किया और फिर जैमीसन को शॉर्ट पिच गेंद पर डीप मिड-विकेट की ओर पुल करने के लिए उकसाया जहां जायसवाल ने डाइव लगाकर शानदार कैच लिया।