In-form Sanju Samson wants to play a match-winning knock in the final as well.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पिछले दो मैच में शानदार पारियां खेलकर भारत को टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में भी मैच विजेता पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया और इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम चार के मुकाबले में 89 रन की शानदार पारी खेली। सैमसन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उन्होंने भारत को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में जगह दिलाने में अपना योगदान दिया।
सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सात रन से जीत के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘बहुत अच्छा लग रहा है और यह राहत भरा अहसास है। मैं वास्तव में कुछ वर्षों से अपने देश के लिए ऐसा कुछ करने की कोशिश कर रहा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरे धैर्य, कड़े अभ्यास और मानसिक रूप से मजबूत बनकर इंतजार कर रहा था। निश्चित रूप से मुझे खुशी है लेकिन मुझे लगता है कि अभी हमारा काम खत्म नहीं हुआ है। हमें अभी एक कदम और आगे बढ़ाना है और अगर हम उसमें सफल रहे तो सब कुछ सार्थक हो जाएगा। एक और मैच विजेता पारी वाकई बहुत अच्छी रहेगी।’’
सैमसन ने सात छक्के और आठ चौके लगाकर केवल 42 गेंदों में 89 रन बनाए जिससे भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाए। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपनी लय बनाए रखने के लिए कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई अपनी 97 रन की नाबाद पारी को श्रेय दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछली पारी ने निश्चित रूप से इस पारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं गेंद को बहुत अच्छी टाइमिंग से हिट कर रहा था और अच्छे निर्णय ले रहा था। मैंने सोचा कि अगर आप फॉर्म में हैं, तो आपको इस मैच में भी अपनी टीम के लिए योगदान देना चाहिए। यह वास्तव में मेरे जीवन के सबसे अच्छे पलों में से एक है।’’
सैमसन ने कहा कि आईपीएल सहित कई टी20 मैच खेलने के अनुभव से वह परिपक्त बन गए हैं।