आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टी20 विश्व कप के सुपर आठ से बाहर होने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि वह शीर्ष क्रम लय बनाने में नाकाम रहे जिससे उनकी टीम को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 195 रन बनाए। आखिर में उसकी टीम 20 रन से पीछे रह गई क्योंकि होप ने 32 रन बनाने के लिए 33 गेंदें खेलीं और उनका स्ट्राइक रेट 96 से थोड़ा अधिक रहा। उन्होंने 17 डॉट गेंदें खेली जो आखिर में टीम पर भारी पड़ीं।
होप ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर आप यही चाहते हैं कि मैं ऐसा कहूं तो हां, मैं गलती स्वीकार करता हूं। मुझे और तेज बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। जब आप नेतृत्व कर रहे होते हैं तो आप आगे बढ़कर लय बनाना चाहते हैं। आज मेरे साथ ऐसा नहीं हुआ। आज मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन ऐसी परिस्थितियों में जब आप संघर्ष कर रहे होते हैं, तो हर कोई संघर्ष करता है। लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं खराब बल्लेबाजी कर रहा था।’’
सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और फिर वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने की रणनीति अपनाई। पावरप्ले में अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने अपना काम बखूबी निभाते हुए होप को खुलकर नहीं खेलने दिया।
होप ने कहा, ‘‘उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। हालांकि आप हर गेंद पर छक्का मारना चाहते हैं लेकिन ऐसा नहीं होता। आज मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। मैं सीधे क्षेत्ररक्षकों के पास गेंद मार रहा था और फिर स्थिति को थोड़ा और समझने की कोशिश कर रहा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पारी में थोड़ा और देर तक बल्लेबाजी करना चाहता था और बीच में स्पिन गेंदबाजों का सामना करना चाहता था।’’