मेरी अगले कुछ सप्ताह में अभ्यास शुरू करने की योजना है: नीरज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-10-2026
I plan to start training in the next few weeks: Neeraj
I plan to start training in the next few weeks: Neeraj

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने कहा कि उनकी टखने की चोट में काफी सुधार हुआ है और वह अगले कुछ सप्ताह में फिर से अभ्यास शुरू करने और ‘रिहैबिलिटेशन’ से गुजरने की योजना बना रहे हैं।
 
चोपड़ा चोटिल होने के कारण जापान में एशियाई खेलों में भाग नहीं ले पाए थे। भाला फेंक के इस सुपरस्टार ने 2021 में तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण और 2024 की पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीता था। वह इस साल अगस्त में अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे। इस कारण वह डायमंड लीग फाइनल्स में भी नहीं खेल पाए थे।
 
उन्होंने कहा कि जाने-माने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनशॉ परदीवाला से परामर्श लेने के बाद अब उनकी हालत काफी बेहतर हुई है।
 
चोपड़ा ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) मीडिया से कहा, ‘‘मेरी चोट अब काफी बेहतर है। पहले डेढ़ महीने में मुझे कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा था, लेकिन अब इसमें काफी सुधार हुआ है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने डॉ. दिनशॉ परदीवाला से परामर्श लिया और उन्होंने सलाह दी है कि मैं अब अभ्यास और रिहैबिलिटेशन शुरू कर सकता हूं। मैं अगले कुछ सप्ताह में इन दोनों को शुरू करने की योजना बना रहा हूं।’’
 
चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने अपनी चिकित्सा टीम की सलाह के अनुसार पूरा आराम किया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सकों ने मुझे आराम करने की सलाह दी थी और मैंने वैसा ही किया। प्रतियोगिताओं के संबंध में टॉप्स (टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम) और साइ वर्षों से मेरा साथ दे रहे हैं।’’
 
चोपड़ा ने कहा, ‘‘मैं कई वर्षों से टॉप्स के कोर ग्रुप का हिस्सा रहा हूं और जब भी मुझे मदद की जरूरत पड़ती है तो वह हमेशा मौजूद रहते हैं।’’