2001 Chennai Test against Australia was one of the most memorable moments: Harbhajan
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में विजयी रन बनाने को अपने करियर की यादगार पलों में से एक करार दिया क्योंकि इससे भारत श्रृंखला जीतने में सफल रहा था।
हरभजन ने जियोस्टार से बात करते हुए उस श्रृंखला के तीसरे टेस्ट मैच को याद किया जिसमें भारत ने उनके विजयी रन से 155 रन के लक्ष्य को हासिल किया था।
जीत के लिए जब दो रन चाहिए थे, तब हरभजन ने ग्लेन मैकग्रा का सामना किया और याद किया कि कैसे इस तेज गेंदबाज के फील्डिंग में बदलाव के कारण उन्हें शॉर्ट पिच गेंद की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने यॉर्कर करके उन्हें हैरान कर दिया था।
उन्होंने कहा, ‘‘आखिर में जब मेरी बारी आई तो जीत के लिए दो रन चाहिए थे और ग्लेन मैकग्रा गेंदबाजी कर रहे थे। मुझे याद है कि उन्होंने फील्डिंग में बदलाव किया था। उन्होंने प्वाइंट से फील्डर को हटा दिया था और गली में अतिरिक्त फील्डर लगा दिया था, ताकि मुझे लगे कि वह शॉर्ट पिच गेंद कर सकते हैं।’’
हरभजन ने कहा, ‘‘फील्डिंग को देखते हुए मैं बाउंसर के लिए तैयार था। लेकिन उन्होंने यॉर्कर की और मेरा बल्ला ठीक समय पर नीचे आया, जिससे गेंद प्वाइंट में उसी दिशा में गई जहां से उन्होंने फील्डर को हटाया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वहां कोई फील्डर नहीं था और उसके बाद मैं जिस तेजी से दौड़ा, मुझे नहीं लगता कि मैंने अपने जीवन में कभी उससे तेज दौड़ लगाई होगी। जीत दिलाने वाले वे रन हमेशा मेरे दिल में रहेंगे, क्योंकि यह सिर्फ उन दो रन की बात नहीं थी, बल्कि यह उस श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया को हराने से जुड़ा है।’’