लैथम ने बुमराह का सामना करने के बारे में कहा, मेरी तैयारी पिछले सप्ताह जैसी ही हैं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-11-2026
My preparations are the same as last week, says Latham about facing Bumrah
My preparations are the same as last week, says Latham about facing Bumrah

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम जानते हैं कि जसप्रीत बुमराह का सामना करना कोई आसान चुनौती नहीं है, क्योंकि पहले टेस्ट मैच में भारतीय तेज गेंदबाज ने उन्हें दोनों पारियों में खाता भी नहीं खोलना दिया था, लेकिन वह यहां हैगली ओवल में शुक्रवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी बल्लेबाजी शैली में कोई बड़ा बदलाव नहीं करना चाहते हैं।
 
बुमराह की अनूठी गेंदबाजी शैली और बल्लेबाज के करीब गेंद फेंकने की क्षमता उन्हें एक मुश्किल चुनौती बनाती है, खासकर उन परिस्थितियों में जहां गेंद स्विंग हो रही हो।
 
लैथम ने यहां दूसरे टेस्ट की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘जसप्रीत बुमराह निश्चित रूप से चुनौतियां पेश करते हैं, चाहे वह नई गेंद से हो या पुरानी गेंद से। उनकी गेंदबाजी शैली अनूठी है और वह अन्य गेंदबाजों की तुलना में गेंद को बल्लेबाज के थोड़ा अधिक करीब फेंकते हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मुझे लगता है कि मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण उस गेंद को खेलने के लिए खुद को तैयार रखना है जो सबसे खतरनाक साबित हो सकती है। हो सकता है कि कुछ खिलाड़ियों के खेलने का तरीका मेरे से बिल्कुल भिन्न हो।’’
 
लैथम अपनी बल्लेबाजी शैली पर ही कायम रहना चाहते हैं। तकनीक में बदलाव करने के बजाय वह अपने विचारों में स्पष्टता को ज्यादा महत्व देते हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘कभी-कभी मुश्किल यह होती है कि अगर कुछ अलग करने की कोशिश सफल नहीं हुई है, तो ध्यान भटक जाता है। लेकिन मुझे लगता है कि अगर आज मैं इस मुकाम पर हूं तो इसका कारण यही है कि मैं जो कर रहा हूं उसको लेकर पूरी तरह स्पष्ट हूं।’’
 
लैथम ने कहा, ‘‘जहां तक तकनीक की बात है तो इसे बिल्कुल सरल रखना ही सबसे महत्वपूर्ण है। चुनौती यह हो सकती है कि उस सोच से बाहर निकलकर रन बनाने का कोई जादुई तरीका खोजने की कोशिश की जाए। लेकिन हमारे खेल में ऐसा कोई जादुई तरीका नहीं है।’’
 
न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पिछले कई वर्षों से पारी का आगाज कर रहे इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा कि वेलिंगटन में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद उनकी तैयारी में कोई बदलाव नहीं आया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में पारी की शुरुआत करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हम जितनी अच्छी तैयारी करें, जरूरी नहीं कि उसके परिणाम अनुकूल ही निकलें। मेरी तैयारी पिछले सप्ताह जैसी ही रही है। जितना संभव हो वर्तमान में बनी रहना महत्वपूर्ण है। मैं टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहता हूं। कप्तान होने के कारण मेरी जिम्मेदारियां बल्लेबाजी खत्म होने के बाद भी बनी रहती हैं।’’