आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हैगली ओवल के मुख्य क्यूरेटर जेडन तोहिल भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच लगभग तीन सप्ताह पहले इसी मैदान पर खेले गए मैच को दूसरे टेस्ट की पिच को तैयार करते समय किसी तरह का ‘संदर्भ बिंदु’ नहीं मानते हैं और वह ऐसा विकेट तैयार करना चाहते हैं जिसमें गेंद और बल्ले के बीच बराबरी का मुकाबला हो।
भारत ए ने उस मैच में क्रमशः 346 और 282 रन बनाए, जिसमें ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़े। न्यूजीलैंड ए ने अपनी एकमात्र पारी में 424 रन बनाए थे।
तोहिल ने स्वीकार किया कि भारत ए के खिलाफ खेले गए मैच की तैयारी पूरी तरह से योजना के अनुरूप नहीं हुई, क्योंकि खराब मौसम ने मैदानकर्मियों के लिए चुनौतियां पेश की।
तोहिल ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘उस मैच की तैयारी के लिए कुछ चीजें हमारे अनुकूल नहीं रही थी इसलिए मैं उस मैच को इस पिच के लिए संदर्भ बिंदु के रूप में इस्तेमाल नहीं करूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘तब हमारे सामने बिल्कुल विपरीत परिस्थितियां थीं। जब हम टी20 श्रृंखला के दौरान तैयारी कर रहे थे तब बहुत गर्मी थी, और फिर जब हम तैयारी को अंतिम रूप दे रहे थे तो दो या तीन दिन मौसम भी खराब रहा था।’’
क्यूरेटर की यह टिप्पणी पहले टेस्ट के बाद की है, जिसमें पांच दिनों में केवल 24 विकेट गिरे और 1,327 रन बने, क्योंकि पिच धीमी होती गई और गेंदबाजों को बहुत कम मदद मिली।
तोहिल ने कहा कि टेस्ट मैच की पिच तैयार करने से जुड़ा दबाव उनके काम का अभिन्न अंग है और उनका उद्देश्य बल्ले और गेंद के बीच सही संतुलन बनाना है।