एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर: स्कॉटलैंड ने भारत को 2-2 से रोका

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-03-2026
FIH Women's Hockey World Cup 2026 Qualifier: Scotland held by India 2-2
FIH Women's Hockey World Cup 2026 Qualifier: Scotland held by India 2-2

 

हैदराबाद

एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर के पूल बी के दूसरे मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्कॉटलैंड के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद 2-2 से ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। जीएमसी बालायोगी हॉकी मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारत की ओर से नवनीत कौर और सुनेलिता टोप्पो ने गोल किए, जबकि स्कॉटलैंड के लिए हीथर मैकएवान और फियोना बर्नेट ने गोल दागे।

इस ड्रॉ के बाद भारत और स्कॉटलैंड दोनों के चार-चार अंक हो गए हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण भारतीय टीम फिलहाल पूल तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।

मैच की शुरुआत में दोनों टीमों ने संयमित पासिंग के साथ खेल को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती लय स्कॉटलैंड के पक्ष में रही। छठे मिनट में भारतीय रक्षापंक्ति की एक चूक का फायदा उठाते हुए हीथर मैकएवान ने गोल कर स्कॉटलैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी।

इसके बाद भारतीय टीम ने लगातार आक्रमण तेज किया और कई मौके बनाए। लालरेम्सियामी ने भारत के लिए पहला पेनल्टी कॉर्नर दिलाया, लेकिन उदिता का ड्रैग-फ्लिक निशाने से चूक गया। 14वें मिनट में भारत को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, मगर एक गलती के कारण स्कॉटलैंड को पलटवार का मौका मिल गया, जिसे सुशीला ने समय रहते रोक दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने खेल पर नियंत्रण स्थापित किया। 17वें मिनट में मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर के बाद हुए मौके का फायदा उठाते हुए नवनीत कौर ने शानदार गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

स्कॉटलैंड ने इसके बाद भी लगातार दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन 29वें मिनट में भारत ने शानदार वापसी करते हुए बढ़त हासिल कर ली। पेनल्टी कॉर्नर पर गोलपोस्ट से टकराकर वापस आई गेंद को सुनेलिता टोप्पो ने तेजी से गोल में डाल दिया और भारत को हाफ टाइम से पहले 2-1 की बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच गेंद पर कब्जे के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। 33वें मिनट में स्कॉटलैंड ने एक बेहतरीन मूव बनाया, जिसे फियोना बर्नेट ने गोल में बदलकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

इसके बाद स्कॉटलैंड ने कुछ समय तक खेल पर दबदबा बनाए रखा और भारतीय टीम को आक्रमण के ज्यादा मौके नहीं दिए। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन स्कॉटलैंड की गोलकीपर जेसिका बुकानन ने शानदार बचाव किया।

मैच के अंतिम क्षणों में भारत को नौवां पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन जेसिका बुकानन ने एक बार फिर शानदार बचाव करते हुए भारत को बढ़त लेने से रोक दिया।भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में उरुग्वे को 4-0 से हराया था। अब टीम इंडिया का अगला मैच 11 मार्च को वेल्स के खिलाफ खेला जाएगा।