मैनचेस्टर
विश्व फुटबॉल की शीर्ष संस्था फीफा ने 2026 में होने वाले पुरुष फुटबॉल विश्व कप की पुरस्कार राशि की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फीफा के अनुसार, आगामी विश्व कप जीतने वाली टीम को कुल 655 मिलियन डॉलर की इनामी राशि में से 50 मिलियन डॉलर (5 करोड़ डॉलर) दिए जाएंगे। यह राशि पिछले विश्व कपों की तुलना में उल्लेखनीय रूप से अधिक है।
कतर में आयोजित 2022 विश्व कप में चैंपियन अर्जेंटीना को 42 मिलियन डॉलर, जबकि 2018 रूस विश्व कप जीतने वाली फ्रांस टीम को 38 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि मिली थी। इस लिहाज़ से 2026 के विजेता को मिलने वाली राशि में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, यह रकम हाल ही में आयोजित क्लब विश्व कप में चेल्सी को मिली इनामी राशि से अब भी काफी कम है।
फीफा क्लब विश्व कप की कुल पुरस्कार राशि 1 अरब डॉलर रखी गई थी, जिसमें चेल्सी को खिताब जीतने पर 125 मिलियन डॉलर मिले थे। यानी क्लब फुटबॉल में मिलने वाली इनामी राशि अब भी अंतरराष्ट्रीय विश्व कप से अधिक है, जिसे लेकर खेल जगत में चर्चा जारी है।
अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में 11 जून से 19 जुलाई 2026 तक होने वाले विश्व कप की कुल पुरस्कार राशि, कतर 2022 की 440 मिलियन डॉलर की इनामी राशि की तुलना में करीब 49 प्रतिशत अधिक है। वहीं, यह राशि 2023 महिला विश्व कप (ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड) की 110 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि से लगभग छह गुना अधिक होगी।
फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने दोहराया है कि उनका लक्ष्य भविष्य में पुरुष और महिला विश्व कप के लिए समान पुरस्कार राशि सुनिश्चित करना है। अगला महिला विश्व कप 2027 में ब्राजील में आयोजित किया जाएगा।
विश्व कप 2026 में पहली बार 48 टीमें भाग लेंगी। ग्रुप चरण से बाहर होने वाली टीमों को 9 मिलियन डॉलर, अगले दौर में पहुंचने पर 11 मिलियन डॉलर, राउंड ऑफ़ 16 में 15 मिलियन डॉलर, क्वार्टरफाइनल में 19 मिलियन डॉलर, चौथे स्थान पर 27 मिलियन डॉलर, तीसरे स्थान पर 29 मिलियन डॉलर, फाइनल हारने वाली टीम को 33 मिलियन डॉलर और विजेता को 50 मिलियन डॉलर की राशि दी जाएगी।






.png)