भाविना पटेल ने एशियाई पैरा खेलों में जीत की लय जारी रखी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-10-2026
Bhavina Patel continues her winning streak at the Asian Para Games
Bhavina Patel continues her winning streak at the Asian Para Games

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पैरालंपिक रजत पदक विजेता भाविना पटेल ने शनिवार को यहां महिलाओं की पैरा टेबल टेनिस स्पर्धा में जोर्डन की फतेन एलेमत को हराकर एशियाई पैरा खेलों में जीत की लय बरकरार रखी।
 
भाविना ने 17 मिनट तक चले महिला एकल क्लास 4-5 ग्रुप ए मैच में फतेन को 11-6, 11-7, 11-4 से हराया। इससे वह अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गई।
 
पैरा टेबल टेनिस में क्लास 4 और क्लास 5 स्पर्धा में पैरा खिलाड़ी व्हीलचेयर (क्लास 1 से क्लास 5) पर बैठकर खेलते हैं जिन्हें बैठने में संतुलन और बांह के नियत्रंण के हिसाब से वर्गीकृत किया जाता है।
 
सोनलबेन पटेल ने क्लास 3 स्पर्धा में अपना अभियान जापान की युका इकेयामा के खिलाफ 3-0 की जीत से शुरू किया लेकिन वह दक्षिण कोरिया की मिगयु ली से 0-3 से हार गईं।
 
पुरुषों की एकल क्लास 3 स्पर्धा में शुभम वाधवा को सऊदी अरब के इब्राहिम अल हसन से 0-3 से पराजय मिली।
 
वहीं क्लास 1 वर्ग में एकता भयान को महिला एकल में सऊदी अरब की मरयम अलमीरिसल से 0-3 से जबकि जेहन मदान को सऊदी अरब की राकेन अलसालमी से 1-3 से शिकस्त मिली।