भांबरी और गोरानसन का सफर सेमीफाइनल में थमा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-03-2026
Bhambri and Goransson's journey ends in the semi-finals
Bhambri and Goransson's journey ends in the semi-finals

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
भारत के युकी भांबरी और स्वीडन के उनके साथी आंद्रे गोरानसन का कैलिफोर्निया में खेले जा रहे इंडियन वेल्स मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में शानदार अभियान सेमीफाइनल में हारने के साथ समाप्त हो गया।
 
भांबरी और गोरानसन की गैरवरीय जोड़ी फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच और मोनाको के वैलेंटीन वाचेरोट से 5-7, 7-6(7), 5-10 से हार गई। यह एक कड़ा मुकाबला था जिसका फैसला टाईब्रेकर से हुआ।
 
भांबरी और गोरानसन पहले सेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद हार गए। उन्होंने दूसरे सेट में बेहतर खेल दिखाया और टाईब्रेकर में जीत दर्ज करके मुकाबला को निर्णायक मोड़ पर पहुंचा दिया।
 
लेकिन निर्णायक टाईब्रेकर में रिंडरकनेच और वाचेरोट ने अपना संयम बनाए रखा और जीत हासिल कर ली।
 
इस मैच में हार के बावजूद इस टूर्नामेंट में 33 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। वह पहली बार किसी एटीपी मास्टर्स 1000 प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचे थे।
 
भांबरी और गोरानसन ने क्वार्टर फाइनल में अलेक्जेंडर एर्लर और एंड्रिया वावास्सोरि को 6-3, 7-6(7) से हराया था। यह दो साल के बाद पहला अवसर था जबकि किसी भारतीय खिलाड़ी ने मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे पहले रोहन बोपन्ना ने 2024 में मियामी ओपन में मास्टर्स 1000 खिताब जीता था।