वॉशिंगटन/बीजिंग
दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं अमेरिका और चीन के बीच होने वाली अहम शिखर वार्ता पर पूरी दुनिया की नजरें टिक गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 13 से 15 मई तक चीन के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 14 मई को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बीजिंग में मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में व्यापार, वैश्विक अर्थव्यवस्था और पश्चिम एशिया में जारी संकट जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
व्हाइट हाउस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ट्रंप 12 मई को वॉशिंगटन डीसी से रवाना होंगे और 13 मई को बीजिंग पहुंचेंगे। चीन पहुंचने के बाद वह कई उच्च स्तरीय बैठकों, द्विपक्षीय वार्ताओं और आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
14 मई को ट्रंप का औपचारिक स्वागत चीन की संसद भवन ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इस मुलाकात को मौजूदा वैश्विक हालात के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शाम को चीन की ओर से अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक भव्य राजकीय भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ईरान और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का मुद्दा भी इस बैठक में प्रमुखता से उठ सकता है। दरअसल, अमेरिका इन दिनों ईरान के साथ समझौते की कोशिशों में जुटा है ताकि क्षेत्र में जारी संघर्ष को खत्म किया जा सके। दूसरी ओर, चीन के ईरान के साथ करीबी संबंध हैं और बीजिंग लगातार अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक समाधान की वकालत करता रहा है।
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच पहले भी ईरान और रूस जैसे मुद्दों पर कई बार बातचीत हो चुकी है। अमेरिका का मानना है कि चीन की आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियां रूस और ईरान को अप्रत्यक्ष समर्थन देती हैं। यही वजह है कि इन विषयों पर भी दोनों नेताओं के बीच गंभीर चर्चा होने की संभावना है।
15 मई को ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच एक और औपचारिक मुलाकात होगी। इसमें दोनों नेता ‘फ्रेंडशिप फोटो सेशन’, द्विपक्षीय चाय बैठक और वर्किंग लंच में हिस्सा लेंगे। इसके बाद ट्रंप उसी दिन चीन से रवाना होकर अमेरिका लौट जाएंगे।
दौरे से पहले ट्रंप ने भी अपनी चीन यात्रा को लेकर उत्साह जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “मैं चीन यात्रा को लेकर बेहद उत्साहित हूं। राष्ट्रपति शी जिनपिंग एक सम्मानित नेता हैं और इस यात्रा से दोनों देशों के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल होंगी।”
वहीं, चीन के सरकारी अखबार ‘चाइना डेली’ ने अपने संपादकीय में इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों को स्थिर और बेहतर बनाने का बड़ा अवसर बताया है। अखबार ने लिखा कि बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच यह मुलाकात चीन-अमेरिका संबंधों में नई स्थिरता ला सकती है।