West Bengal government will work towards restoring air connectivity with Europe: Suvendu Adhikari
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि राज्य की पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार की नीतियों के कारण कोलकाता का यूरोप के साथ सीधा हवाई संपर्क समाप्त हो गया और राज्य पर भारी कर्ज का बोझ बढ़ गया।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार केंद्र के सहयोग से राज्य के परिवहन ढांचे का कायाकल्प करेगी।
मुख्यमंत्री अधिकारी ने यहां परिवहन भवन-दो से 50 वातानुकूलित बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कोलकाता में ‘वाटर मेट्रो’ शुरू करने, महानगर से बाहर तक मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार करने, इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने तथा कल्याणी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा विकसित करने की योजना की भी घोषणा की।
इस कार्यक्रम में राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह और मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री अधिकारी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार विमानन क्षेत्र को मजबूत करने में विफल रही, जिसके कारण राज्य से संचालित कई अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं बंद हो गईं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा अधिकांश यूरोपीय देशों से हवाई संपर्क था। पिछली सरकार के दौरान इनमें से अधिकतर मार्गों पर उड़ानें बंद हो गईं। फिलहाल लंदन सहित किसी भी यूरोपीय शहर के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध नहीं है।’’