आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव की शुक्रवार को जारी मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों ने नंदीग्राम और रेजीनगर क्षेत्रों में अपनी बढ़त को और मजबूत कर लिया है।
भाजपा ने मुर्शिदाबाद जिले की मुस्लिम बहुल रेजीनगर सीट पर अप्रत्याशित बढ़त हासिल की है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार यहां पांच दौर की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी शाखाराव सरकार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के गुलाम नबी आजाद से 34,501 मतों से आगे हैं।
आयोग के अनुसार सरकार को 48,101 वोट मिले हैं, जबकि एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर के बेटे आजाद को 13,600 मत हासिल हुए हैं। वहीं तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी 2,516 मत के साथ तीसरे और कांग्रेस के अब्दुल्लाहिल काफी 2,407 मत के साथ चौथे स्थान पर खिसक गए हैं।
उधर, पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट पर सात दौर की गिनती के बाद भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ 49,922 मतों की भारी-भरकम बढ़त बनाए हुए हैं। हासिरानी रथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं।