आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन ने अभिनय से राजनीति में आए कमल हासन को शनिवार को जन्मदिन की बधाई दी।
विजयन ने भारतीय सिनेमा में हासन के योगदान और प्रगतिशील मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
हासन 72 वर्ष के हो गए हैं।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री ने हासन को एक प्रतिभाशाली कलाकार बताया जिन्होंने विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों में भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया है।
विजयन ने कहा, ‘‘एक अभिनेता और फिल्म निर्माता के रूप में उनकी बेहतरीन प्रतिभा के अलावा मैं धर्मनिरपेक्षता, मानवतावाद और प्रगतिशील मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का बहुत सम्मान करता हूं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि हासन के मन में हमेशा केरलम के प्रति विशेष लगाव रहा है जिससे उनका रिश्ता और भी खास हो जाता है।
अभिनेता के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए विजयन ने उम्मीद जताई कि वह अपनी कला और राजनीति के माध्यम से लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र कमल हासन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं!’’