वैष्णव ने जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-04-2026
Vaishnav flags off Jammu-Srinagar Vande Bharat Express
Vaishnav flags off Jammu-Srinagar Vande Bharat Express

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली सीधी ट्रेन जम्मू से कश्मीर घाटी पहुंचने के बाद पूंछ, राजौरी और उरी जैसे दूरदराज इलाकों को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने पर ध्यान देने का वादा किया।

महत्वाकांक्षी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना पूरी होने के बाद, वैष्णव ने कहा कि पूंछ-राजौरी क्षेत्र को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने और बारामूला जिले के सीमावर्ती कस्बे उरी तक रेल लाइन के विस्तार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है।
 
इस मौके पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
 
श्रीनगर और जम्मू के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से दोनों राजधानियों के बीच यात्रा का समय कम होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और हर मौसम में सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 6 जून 2025 को कटरा और श्रीनगर के बीच पहली सीधी ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया था, जिसे अब जम्मू तवी रेलवे स्टेशन तक विस्तारित किया गया है।
 
लगभग 43,780 करोड़ रुपये की इस रेल परियोजना पर काम 1990 के दशक के अंत में शुरू हुआ था, जबकि कश्मीर घाटी में पहली ट्रेन अक्टूबर 2008 में चली थी।
 
समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए वैष्णव ने कहा कि सरकार पूंछ-राजौरी क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने के साथ-साथ उरी तक रेल लाइन बिछाने पर भी काम करेगी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम अब पूंछ और राजौरी को रेल के माध्यम से जोड़ने पर ध्यान देंगे। उरी को भी ट्रेन से जोड़ने की परियोजना शुरू की जाएगी। डीपीआर तैयार हैं और हम जल्द काम शुरू करने की कोशिश करेंगे।’’
 
उन्होंने जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस को एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए जीवनरेखा बन गई है।
 
वैष्णव ने कहा, “यह ट्रेन सेवा जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पिछले साल प्रधानमंत्री ने कटरा और कश्मीर के बीच इस सेवा का उद्घाटन किया था। यह ट्रेन 100 प्रतिशत क्षमता के साथ चल रही है और बहुत लोकप्रिय है।”