US military detonates lead azide stockpile, environmental impact investigation underway
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी सेना ने विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन ‘लेड एजाइड’ के देशभर में मौजूद संपूर्ण भंडार को नियंत्रित विस्फोट के जरिये नष्ट कर दिया है।
सेना ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि बुधवार को आयोवा में किए गए इस नियंत्रित विस्फोट के कारण आसपास के घरों और खेतों में जहरीली धूल नहीं फैली है।
लेड एजाइड के पांच टन (4,500 किलोग्राम) भंडार वाले दो बंकर के चारों ओर मिट्टी की मोटी दीवारें बनाई गई थीं। साथ ही, उन पर पानी का छिड़काव किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, इन उपायों से विस्फोट के प्रभाव को काफी हद तक सीमित करने में मदद मिली।
अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (ईपीए) के वायु निगरानी उपकरणों में मिडलटाउन स्थित ‘आयोवा आर्मी एम्युनिशन प्लांट’ के आसपास हवा में सीसे की मौजूदगी दर्ज नहीं की गई। इसके बावजूद सरकारी एजेंसियां और स्वतंत्र शोधकर्ता आने वाले हफ्तों में जल स्रोतों, खेतों, घरों और खेल के मैदानों में सीसे की व्यापक जांच करने की योजना बना रहे हैं। सीसा एक ऐसा धातु है, जो विशेष रूप से बच्चों और गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
सेना ने कहा कि इस रसायन के भंडार को तत्काल विस्फोट कर नष्ट करना सबसे सुरक्षित विकल्प था, क्योंकि यह रसायन खराब हो रहा था और तापमान में और गिरावट आने पर कभी भी अनियंत्रित रूप से विस्फोट कर सकता था।
हालांकि, कुछ विशेषज्ञों ने आगाह किया कि आसपास के लोगों के पूरी तरह सुरक्षित होने का निष्कर्ष निकालना अभी जल्दबाजी होगी।
इस अभियान का नेतृत्व करने वाले मेजर जनरल एरिक शर्ली ने कहा कि जोखिम को ‘‘मानवीय रूप से जितना संभव था, उतना शून्य के करीब लाया गया।’’