UP: Yogi Adityanath Listens to Grievances at ‘Janta Darshan’; Directs Officials to Ensure Time-Bound Resolution
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपकर निर्देश दिया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
बयान के मुताबिक, उन्नाव के बांगरमऊ से आईं ममता तिवारी ने कुछ लोगों पर मंदिर पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा। महिला ने आरोप लगाया कि कब्जा करने वाले लोग उन्हें मंदिर में पूजा करने भी नहीं रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बदायूं से आए एक किसान ने शिकायत में आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनकी फसल नष्ट कर दी, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
बलरामपुर के एक फरियादी ने गांव की जर्जर सड़क की समस्या उठाई और आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान कई वर्षों से इसका निर्माण नहीं होने दे रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करें और सड़क निर्माण सुनिश्चित करें।
‘जनता दर्शन’ में फर्रुखाबाद निवासी एक खिलाड़ी ने भी अपनी समस्या रखी। उसने बताया कि वह निशानेबाज हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं तथा खिलाड़ी ने शस्त्र लाइसेंस दिलाने का अनुरोध किया। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खिलाड़ी के आवेदन का संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।