Trump misquotes India's presidential election, calls US electoral process 'corrupt'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर देश की चुनाव प्रक्रिया को ‘‘भ्रष्ट’’ बताते हुए भारत का जिक्र किया, लेकिन ऐसा लगता है कि वह भारत और ब्राजील के चुनाव को लेकर भ्रमित हो गए। जिस चुनाव का वह जिक्र कर रहे थे, वह भारत का नहीं, बल्कि ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव था और भारत में उस समय कोई राष्ट्रपति चुनाव नहीं हुआ।
ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि ‘‘भारत के राष्ट्रपति चुनाव में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया और मतदान खत्म होने के कुछ ही समय बाद परिणाम आ गए।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अमेरिका के शहरों और राज्यों में चुनावों की मतगणना में कई सप्ताह लगने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘अमेरिका में मतदान भ्रष्ट है।’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘आज भारत के राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में 12.5 करोड़ लोगों ने मतदान किया। मतदान समाप्त होने के कुछ ही समय बाद, उसी दिन परिणाम आ गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘डेट्रॉयट, फिलाडेल्फिया, कैलिफोर्निया और अमेरिका के कई अन्य शहरों और राज्यों में, इससे काफी कम संख्या में मतों के परिणामों की घोषणा में अक्सर कई सप्ताह लग जाते हैं - धांधली करने के लिए, मेरा मतलब है, मतों की गणना करने में। अमेरिका में मतदान भ्रष्ट है।’’