Tripura CM congratulates Jishnu Dev Varma on being appointed as the Governor of Maharashtra
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र के नए राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति पर बधाई दी।
तेलंगाना के राज्यपाल वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का नया राज्यपाल बनाया गया है, जो देव वर्मा की जगह लेंगे।
वर्मा त्रिपुरा से ताल्लुक रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में जिष्णु देव वर्मा जी की नियुक्ति पर हार्दिक बधाई। उनका व्यापक अनुभव और लोक सेवा के प्रति समर्पण निश्चित रूप से राज्य को प्रगति और समृद्धि की ओर ले जाएगा।’’
उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘‘इस नयी भूमिका में उनकी सफलता की कामना करता हूं।’’
त्रिपुरा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुशांत चौधरी ने भी महाराष्ट्र के नए राज्यपाल के रूप में जिष्णु देव वर्मा की नियुक्ति का स्वागत किया।
त्रिपुरा विधानसभा के कार्यवाहक अध्यक्ष रामपाडा जमातिया ने भी वर्मा को महाराष्ट्र के नए राज्यपाल के रूप में नियुक्त होने पर बधाई दी।
देव वर्मा त्रिपुरा में बिप्लब कुमार देब की सरकार में उपमुख्यमंत्री थे।