आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में कई जगह आंधी व बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में सबसे अधिक 68 मिलीमीटर बारिश जयपुर के शाहपुरा में हुई।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज भी कोटा, उदयपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग व उत्तरी राज्य के कुछ भागों में आंधी/बारिश हो सकती है।
वहीं आगामी तीन-चार दिनों में राज्य के अधिकतर भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। हालांकि, राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मध्यम दर्जे की आंधी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
इसके अनुसार, अगले तीन चार दिन में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री की बढ़ोतरी होने और सीमावर्ती क्षेत्रों में नौ मई से तेज गर्मी का नया दौर शुरू होने की अनुमान है। आठ से 11 मई के दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस हो सकता है।