आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जयपुर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘एपीएम-2026’ शनिवार से शुरू होगा जिसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और उद्योग विशेषज्ञ उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और टिकाऊ विनिर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आयोजकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसके अनुसार उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री पर इस 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'एपीएम-2026' का आयोजन सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सिपेट) द्वारा 28 से 30 नवंबर तक किया जा रहा है।
सिपेट के महानिदेशक शिशिर सिन्हा ने बताया कि यह सम्मेलन पेट्रोकेमिकल और पॉलीमर क्षेत्रों में शोध, तकनीकी नवाचार, औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय स्थिरता पर केंद्रित होगा। इस सम्मेलन की विषयवस्तु ‘विकसित भारत 2047 के लिए उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री, सुरक्षा और स्थिरता’ है।
इसमें पद्म विभूषण एम.एम. शर्मा, पद्म भूषण अनिल प्रकाश जोशी और पद्म श्री गणपति डी. यादव तथा आशुतोष शर्मा सहित कई प्रमुख वैज्ञानिक और शिक्षाविद शामिल होंगे।