आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरलम के शबरिमला में तीर्थयात्रा का सिलसिला तेज होने के साथ ही पहाड़ी पर स्थित एक डाकघर अपनी विशिष्ट डाक मुहर और देशभर के घरों तक अय्यप्पा प्रसादम पहुंचाने की चौबीसों घंटे उपलब्ध सुविधा के कारण श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। इस विशेष डाक मुहर पर 18 पवित्र सीढ़ियां अंकित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष रूप से ‘मंडला-मकरविलक्कु’ तीर्थयात्रा के दौरान संचालित होने वाला सन्निधानम डाकघर तीर्थयात्रा के अनुभव का अभिन्न हिस्सा रहा है। यह श्रद्धालुओं को अपनी यात्रा की यादगार के तौर पर पोस्टकार्ड और पत्र भेजने की सुविधा देता है।
वर्ष 1963 में स्थापित इस डाकघर का विशिष्ट पिन कोड ‘689713’ है, जो अय्यप्पा मंदिर के लिए आवंटित है। वर्ष 1974 में शुरू की गई इसकी विशेष डाक मुहर पर 18 पवित्र सीढ़ियों और उनके ऊपर भगवान अय्यप्पा की प्रतिमा का चित्र अंकित है।
यहां से भेजे जाने वाले पत्रों और पोस्टकार्ड पर यह विशिष्ट मुहर लगाई जाती है, जो उन्हें श्रद्धालुओं और डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के लिए अनमोल स्मृति चिह्न बना देती है।
जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले तीर्थयात्री अक्सर अपनी यात्रा की यादगार के तौर पर ऐसे पोस्टकार्ड अपने पते पर या मित्रों और रिश्तेदारों को भेजते हैं।
बयान के अनुसार, मकरविलक्कु पर्व के बाद मंदिर के कपाट बंद होने पर इस विशेष मुहर को पतनमथिट्टा डाक संभाग कार्यालय में सुरक्षित रख दिया जाता है। अगली तीर्थयात्रा के दौरान इसे वापस सन्निधानम लाया जाता है।
इस वर्ष अपनी सेवाओं का विस्तार करते हुए भारतीय डाक विभाग ने त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के सहयोग से एक समर्पित ‘स्वामी प्रसादम’ बुकिंग काउंटर शुरू किया है। यह काउंटर 2026-27 की तीर्थयात्रा के दौरान चौबीसों घंटे काम करेगा।