Over 1.5 lakh students are studying in BGS institutions: Chief Minister Shivakumar
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि आदिचुंचनगिरी मठ द्वारा प्रदान की जा रही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं एक बेहतर समाज की नींव रख रही हैं तथा इसके शैक्षणिक संस्थानों में 1.5 लाख से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बीजीएस संस्थान घास का तिनका नहीं है जो आज उगे और कल मुरझा जाए। यह बरगद के पेड़ जैसा है जो सैकड़ों वर्षों तक जीवित रहेगा। बालागंगाधरनाथ स्वामीजी द्वारा लगाया गया बरगद का पेड़ अब देश और विदेश में अपनी शाखाएं फैला चुका है।’’
वह यहां केंगेरि स्थित बीजीएस मैदान में आदिचुंचनगिरी शिक्षण ट्रस्ट द्वारा आयोजित 18वें बीजीएस स्थापना दिवस और ‘बीजीएस उत्सव-2026’ का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।
दिवंगत बालागंगाधरनाथ स्वामीजी द्वारा शुरू की गई शैक्षणिक सेवाओं का उल्लेख करते हुए शिवकुमार ने कहा, ‘‘मठ के संस्थानों में 1.5 लाख से अधिक छात्र अपनी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यहां पढ़े छात्र भारत और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।’’
शिवकुमार ने पेशेवर शिक्षा में मठ के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि इसके संस्थानों ने लगभग 1,500 डॉक्टर और 10,000 से अधिक इंजीनियर तैयार किए हैं। उन्होंने कहा कि एक धार्मिक संस्थान के तहत एलकेजी से स्नातकोत्तर स्तर तक की शिक्षा प्रदान करना गर्व की बात है।