पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार में पुलिस की छवि खराब हुई, उसे सुधारने के लिए कदम उठाएंगे: शुभेंदु

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-07-2026
The image of the police was tarnished during the previous Trinamool government
The image of the police was tarnished during the previous Trinamool government

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पुलिस की प्रतिष्ठा धूमिल हुई थी और उनकी सरकार इसे बहाल करने के लिए प्रयास करेगी।

शुभेंदु ने राज्य पुलिस मुख्यालय भवानी भवन में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की तर्ज पर एक जांच एजेंसी गठित करने का फैसला किया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘पिछली (तृणमूल) सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस की प्रतिष्ठा धूमिल हुई। इससे राज्य की छवि भी प्रभावित हुई। हम पुलिस व्यवस्था में सुधार और पश्चिम बंगाल की छवि बहाल करने के लिए कदम उठाएंगे।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने गुजरात स्थित एक विश्वविद्यालय के साथ समझौता किया है, जहां बंगाल पुलिस के कर्मियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने पुलिस बल में करीब एक लाख कर्मियों की नयी भर्ती किये जाने की भी घोषणा की।
 
उन्होंने नागरिकों की शिकायतें दर्ज करने के लिए चार समर्पित नंबर वाली एक पुलिस हेल्पलाइन सेवा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।
 
भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए शुभेंदु ने कहा कि व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम जारी रहेंगे।